V.N. Viral News In Hindi:- वीरपुर/बेगूसराय: बेगूसराय में अपराधियों का मनोबल सिर चढ़कर बोलने लगा है। खौफ के साये में जी रहे लोग आज तब आतंकित हो उठे

 
V.N. Viral News In Hindi:- वीरपुर/बेगूसराय: बेगूसराय में अपराधियों का मनोबल सिर चढ़कर बोलने लगा है। खौफ के साये में जी रहे लोग आज तब आतंकित हो उठे जब हथियारबंद तीन बेखौफ बदमाशों ने सरेशाम पूर्व मुखिया सह आरजेडी नेता को गोली मार दी। जिससे पूर्व मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल अवस्था में परिजनों ने उन्हे बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना वीरपुर थाना क्षेत्र के गेन्हरपुर पंचायत के  बडहारा गांव की है। घायल पूर्व मुखिया सह आरजेडी नेता वीरपुर थाना क्षेत्र के बड़हारा लंका टोल के वार्ड 8 के रहने वाले सुखराम महतो हैं। उनकी पत्नी वर्तमान में उक्त पंचायत की सरपंच हैं। घटना के बाद उनके समर्थकों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।  स्थानीय लोग पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर उठा रहे हैं सवाल   ग्रामीणों ने बताया कि वे भोज में शामिल होकर अपने बाइक से गांव बड़हारा गांव आ रहे थे। तभी बड़हारा घाट के समीप रास्ते में अपराधियों ने पूर्व मुखिया पर गोली चला दी। जिसमें सुखराम महतो को पंजरा में एक गोली लगी है। फिलहाल उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद परिजनों के द्वारा वीरपुर थाना की पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर वीरपुर थाना की पुलिस पहुंच कर पूरे मामले की तहकीकात में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि सुखराम महतो  वर्तमान में पैक्स अध्यक्ष, सरपंच प्रतिनिधि, पूर्व मुखिया और आरजेडी के सक्रिय वरिष्ठ नेता भी हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बेगूसराय में जिस प्रकार से अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है इससे अब लोगों में काफी दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों का पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाना लाजिमी ही है।    एसपी ने किया बदमाशों को शिनाख्त करने का दावा  इस घटना की जानकारी मिलते ही बेगूसराय विधानसभा की पूर्व विधायक अमिता भूषण, राजद के जिलाध्यक्ष मोहित यादव व बेगूसराय राजद के वरिष्ठ नेता व सैकड़ों कार्यकर्ता निजी नर्सिंग होम में उनको देखने के लिए पहुंच गए। पूर्व मुखिया के सैकड़ों समर्थक भी नर्सिंग होम के बाहर जमे हुए हैं। घटना के बाद टाउन थाना अध्यक्ष श्रीनिवास और वीरपुर थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल कैंप कर रही है। इस संबंध में पूछने पर जिले के एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि पूर्व मुखिया किसी शादी समारोह से गांव में भोज खाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें एक गोली पेट के पास मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया है। पुलिस के द्वारा बदमाशों की शिनाख्त कर ली गई है। जल्द ही उस बदमाश की गिरफ्तारी होगी।

0 Comments